ग्रामीण प्रौद्योगिकी पर कार्यशाला शुरू
नई दिल्ली, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। लोक कार्यक्रम और ग्रामीण प्रौद्योगिकी विकास परिषद (कपार्ट) ने ग्रामीण विकास के लिए उपयुक्त प्रौद्योगिकी पर दो दिवसीय कार्यशाला सोमवार से नई दिल्ली में आयोजित की है। इस कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कपार्ट की भूमिका को मजबूत करने के लिए मार्गनिर्देश तैयार करना है।
इस कार्यशाला के दौरान जिन विषयों पर प्रमुखता से चर्चा की जाएगी, वे हैं- ग्रामीण विकास के लिए नवीन और उपयुक्त प्रौद्योगिकियों का प्रयोग, प्रति आधारित जीवन यापन को प्रोत्साहित करने के लिए विशिष्ट प्रौद्योगिकी के प्रयोग को बढ़ावा, समुदायों, संस्थाओं और नूतन प्रणालियों के तकनीकी ज्ञान को प्रोत्साहन, तकनीकी संसाधन केंद्रों सम्बंधी मार्गनिर्देश, ग्रामीण लोगों में बौद्धिक सम्पदा आधिकारों सम्बंधी मामलों पर जागृति पैदा करने और नवीन एवं परम्परागत ज्ञान के संरक्षण में उनकी सहायता करने और असंगठित क्षेत्र में प्रौद्योगिकियों के प्रोत्साहन में कपार्ट की भूमिका के प्रति जागृति पैदा करना।
इस कार्यशाला में कपार्ट की कार्यकारिणी और आमसभा, राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थाएं, गैर सरकारी संगठन, कपार्ट के प्रौद्योगिकी संसाधन केंद्रों के सदस्य तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय और कपार्ट के अधिकारी भाग लेंगे।
ग्रामीण विकास मंत्री डा. सी़ पी. जोशी मंगलवार को इस कार्यशाला में समापन भाषण देंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications