उत्तर भारत में शीतलहर से 7 मौतें (राउंडअप)
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे ने मंगलवार को भी रेल यातायात को अपनी चपेट में ले लिया। राज्य में रेलगाड़ियां छह से 24 घंटों की विलंब से चल रही हैं, जबकि कई रेलगाड़ियों को रद्द करना पड़ा है। राज्य में सबसे कम तापमान बिजनौर का 2.4 डिग्री सेलिस्यस दर्ज किया गया। राज्य में औसत तापमान तीन से नौ डिग्री सेल्सियस के बीच है।
दिल्ली में कोहरा छंटने के कारण मंगलवार को यातायात थोड़ा सामान्य हुआ। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का न्यूनतम तापमान नौ और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया कि कोहरा नहीं होने से शहर के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता पिछले तीन दिनों की अपेक्षा सामान्य स्तर पर रही। सोमवार को घने कोहरे की वजह से कई घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को रद्द करना पड़ा था।
उधर, रेलवे प्रवक्ता के मुताबिक कोहरे और राजस्थान के बयाना में गुर्जरों के प्रदर्शन की वजह से 50 रेलगाड़ियों का परिचालन बाधित हुआ। जनता एक्सप्रेस, उज्जैन एक्सप्रेस और जनशताब्दी सहित छह रेलगाड़ियों के समय में बदलाव किया गया।
प्रवक्ता के मुताबिक कटिहार एक्सप्रेस, द गोल्डेन टेम्पल एक्सप्रेस और जम्मू से आने वाली राजधानी एक्सप्रेस सहित लगभग 35 रेलगाड़ियां दो से 52 घंटे की देरी से चल रही हैं। मुम्बई के बांद्रा से आने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस 52 घंटे देरी से चल रही थी।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से एक डिग्री सेल्सियस ऊपर था। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने दिन में और अधिक बारिश होने की उम्मीद जताई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "जम्मू एवं कश्मीर के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ के बने होने के कारण दिल्ली में हल्की बारिश हुई। दिन में और अधिक बारिश होने की संभावना है।"
अधिकारी ने बताया, "आसमान पर बादल छाये रहेंगे और दिन में और बारिश होने की संभावना है। शहर में 31 दिसम्बर तक और बारिश होने की उम्मीद है।"
जम्मू एवं कश्मीर में बर्फीली हवाओं के साथ कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में घाटी में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है।
श्रीनगर मौसम विभाग के सहायक मौसम विज्ञानी एम. एस. वानी ने बताया, "कश्मीर में 30 दिसम्बर को हल्की बर्फबारी की संभावना है। बर्फबारी से पिछले दो महीनों से चल रही बर्फीली हवाओं का दौर थम जाएगा।"
वानी ने कहा कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वानी ने कहा, "लेह कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कारगिल में तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे, पहलगाम में शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
कश्मीर घाटी में पिछले दो महीनों से सर्द हवाएं चल रही हैं। एक निजी चिकित्सक अब्दुल राशिद ने बताया, "लगातार सर्द हवाएं चलने से हमारे पास सांस में तकलीफ जैसी समस्या लेकर काफी संख्या में लोग आ रहे हैं।"
राशिद ने कहा कि बर्फबारी या फिर बारिश होने के बाद ऐसे मरीजों की संख्या में कमी आएगी।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से ऐसा हो रहा है। सोमवार को यह विक्षोभ ईरान के ऊपर सक्रिय था। उधर, श्रीनगर में स्थित प्रसिद्ध डल झील का पानी बर्फ में तब्दील हो गया है।
हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में अगले तीन दिनों के दौरान बर्फबारी और बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "राज्य के कुछ इलाकों में 29 दिसम्बर से 31 दिसम्बर के बीच बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।"
सिंह ने कहा कि कैस्पियन सागर से उठे पश्चिमी विक्षोभ की वजह से नए वर्ष की पूर्व संध्या पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। यह विक्षोभ अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों शिमला, नारकंडा, कुफरी, कालपा, डलहौजी और मनाली में हल्की और सामान्य बर्फबारी होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक आठ वर्षो के बाद नए वर्ष के मौके पर शिमला में बड़ी संख्या में घरेलू और विदेशी पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष की शुरुआत में 13 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में 8.2 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई थी। उसके बाद से अब तक यहां बर्फबारी नहीं हुई है। वर्ष 2009 में भी शिमला में हल्की बर्फबारी ही दर्ज की गई थी।
शिमला में पिछली बार 1990, 1999, 2000 और 2002 में अच्छी बर्फबारी दर्ज की गई थी। हॉलीडे होम होटल के सहायक प्रबंधक विजय शर्मा ने कहा, "बर्फबारी की वजह से ही बड़ी संख्या में पर्यटक यहां सैर के लिए आते हैं।"
हरियाणा के नारनौल में सर्वाधिक ठंड पड़ी। यहां का न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अम्बाला में तीन, हिसार में 4.8 और भिवानी में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर, लेह में शीत लहर का प्रकोप जारी रहा। यहां रात का तापमान ऋणात्मक सात डिग्री सेल्सियस और कारगिल में रात का तापमान ऋणात्मक 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications