प्रधानमंत्री को लोकसभाध्यक्ष को लिखना चाहिए था पत्र : नाइक
नाइक ने मंगलवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा, "संसदीय शिष्टाचार के अनुरूप प्रधानमंत्री को यह पत्र लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को लिखना चाहिए था और उनकी मार्फत वह पीएसी अध्यक्ष तक पहुंचता लेकिन पता नहीं प्रधानमंत्री को पीएसी के समक्ष पेशी की क्या जल्दी थी।"
उनके मुताबिक पीएसी लोकसभा अध्यक्ष के अधीन होती है और प्रधानमंत्री को कम से कम इसका ध्यान रखना चाहिए था। ज्ञात हो नाइक वर्ष 1995-96 के दौरान पीएसी के अध्यक्ष थे।
प्रधानमंत्री ने सोमवार को 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले के सम्बंध में पीएसी को पत्र लिखकर उसके समक्ष उपस्थित होने की पेशकश की थी। प्रधानमंत्री के इस अभूतपूर्व प्रस्ताव पर पीएसी ने उचित समय पर उचित फैसला लेने की बात कही थी।
नाइक मुरली मनोहर जोशी के उस दावे से भी असहमत दिखे, जिसमें उन्होंने (जोशी) कहा था कि पीएसी नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट से आगे तक जांच कर सकती है। नाइक ने कहा, "मैं पीएसी का अध्यक्ष रह चुका हूं। सीएजी की रिपोर्ट के आधार पर ही पीएसी जांच कर सकती है, बाकी के विषयों में विचार का उसे अधिकार नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications