देश का पहला गुब्बारा राडार लांच किया गया
आगरा, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। घरेलू स्तर पर निर्मित देश का पहला गुब्बारा राडार यहां सफलतापूर्वक लांच कर दिया गया। इस राडार के जरिए सशस्त्र बलों की निगरानी क्षमता काफी बढ़ जाएगी। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
परियोजना निदेशक, सुधीर गुप्ता ने आईएएनएस को बताया कि एयरोस्टैट राडार, सेना के एक परिसर से लांच किया गया और अगले दो-तीन वर्षो तक लगभग एक किलोमीटर की ऊंचाई पर बना रहेगा। इसकी सभी प्रणालियां संतोषजनक रूप से काम कर रही हैं।
हीलियम गैस से भरे इस एयरोस्टैट में रात्रि में चित्र उतारने वाले कैमरे और साउंड रिकार्डर लगे हुए हैं। इसका वजन लगभग 300 किलोग्राम है और इसे दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।
गुप्ता ने कहा कि एयरोस्टैट 20 किलोमीटर दूरी तक के इलाके का सर्वेक्षण कर सकता है और इसके आधुनिक कैमरे 100 किलोमीटर के आगे तक के चित्र उतार सकते हैं।
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की पहल पर आगरा स्थित हवाई वितरण अनुसंधान विकास प्रतिष्ठान ने उच्च तकनीकी से युक्त प्लेटफार्म की डिजाइन तैयार की है और इसका निर्माण किया है।
परियोजना से जुड़े वैज्ञानिकों के अनुसार, यह एयरोस्टैट संचार और निगरानी के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। प्लेटफार्म में उच्च दर्जे की प्रौद्योगिकी, एयरोडायनामिक्स, बैलून तकनीक, हाइड्रोलिक्स और उच्च दाब वाली सिलिंडर प्रौद्योगिकी लगाई गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications