विदेशी मरीजों के लिए स्वास्थ्य पर्यटन कम्पनी शुरू
चण्डीगढ़, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। पंजाब और राजधानी चण्डीगढ़ में इलाज के लिए आने वाले विदेशी मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चिकित्सकों के एक समूह ने एक स्वास्थ्य पर्यटन कम्पनी की शुरुआत की है। यह कम्पनी विदेशी मरीजों के हवाई अड्डे पर पहुंचने से लेकर इलाज के अंतिम दौर तक उन्हें तमाम सेवाएं उपलब्ध कराती है।
उत्तर भारत में अपनी तरह की इस पहली स्वास्थ्य पर्यटन कम्पनी का नाम डॉक्टर जेड इंडिया प्राइवेट लिमिटेड रखा गया है। इस कम्पनी की शुरुआत उत्तर भारत में अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, दक्षिण अफ्रीका और पूर्वी अफ्रीका से इलाज के लिए आने वाले मरीजों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए की गई है।
इनमें से ज्यादातर विदेशी और भारतीय मूल के लोग हृदय रोग के इलाज, कोहनी प्रत्यर्पण और कॉस्मेटिक सर्जरी के लिए भारत आते हैं।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के आंकड़ों के मुताबिक देश में स्वास्थ्य पर्यटन उद्योग का कुल कारोबार 31 करोड़ डॉलर है जो कि वर्ष 2012 तक बढ़कर दो अरब डॉलर का होने का अनुमान है।
डॉक्टर जेड कम्पनी इस बाजार में ज्यादा से ज्यादा हिस्सेदारी हासिल करना चाहती है।
यह कम्पनी शुरू करने वाले भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) की चण्डीगढ़ इकाई के अध्यक्ष और देश धगट संस्थान समूह के प्रबंध निदेशक जोरा सिंह ने कहा, "स्वास्थ्य पर्यटन दुनिया में सबसे ज्यादा तेजी से बढ़ रहा उद्योग है। अब तक भारत में यह कुछ ही अस्पतालों तक सीमित है। डॉक्टर जेड जल्द ही अपने अस्पतालों में अंतर्राष्ट्रीय मरीज सुविधा केंद्र स्थापित करेगी।"
कम्पनी अपनी विभिन्न सेवाओं के तहत आगंतुकों को हवाई अड्डे से लाने-ले जाने, चिकित्सकों से मुलाकात तय कराने, अस्पताल, होटल बुक कराने आदि तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications