सू ची को कनाडा यात्रा का निमंत्रण
टोरंटो, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू ची को कनाडा यात्रा का निमंत्रण दिया है।
नोबेल पुरस्कार विजेता सू ची कनाडा की मानद नागरिक हैं। सू ची के अलावा नेल्सन मंडेला, आगा खान और दलाई लामा जैसे नामचीन नेता भी कनाडा के मानद नागरिक हैं।
ज्ञात हो कि सू ची को म्यांमार के सैन्य शासन ने 13 नवम्बर को नजरबंदी से आजाद कर दिया था।
सूची को 2007 में कनाडा की मानद नागरिकता प्रदान की गई थी। सू ची का अपने दिवंगत पति माइकल एरिस के जरिए कनाडा से जुड़ाव है। एरिस की मां फ्रांस मूल की कनाडाई नागरिक थीं।
कनाडाई प्रेस के अनुसार प्रधानमंत्री हार्पर ने सू ची को कनाडा यात्रा का इसलिए निमंत्रण दिया है, क्योंकि कनाडा, म्यांमार में लोकतंत्र की स्थापना को लेकर सू ची की आकांक्षा में खुद को भागीदार मानता है।
सू ची ने अपनी रिहाई के बाद जिन देशों को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया था, कनाडा भी उनमें से एक था। कनाडा के विपक्षी नेता जैक लेयटन ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से मानद नागरिकता ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया है।
ज्ञात हो कि कनाडा में सू ची को व्यापक समर्थन प्राप्त है। लोकतंत्र समर्थक म्यांमार के कुछ नेता भी वहां निवास करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications