हिमाचल में बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "राज्य के कुछ इलाकों में 29 दिसम्बर से 31 दिसम्बर के बीच बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।"
सिंह ने कहा कि कैस्पियन सागर से उठे पश्चिमी विक्षोभ की वजह से नए वर्ष की पूर्व संध्या पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। यह विक्षोभ अफगानिस्तान-पाकिस्तान क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों शिमला, नारकंडा, कुफरी, कालपा, डलहौजी और मनाली में हल्की और सामान्य बर्फबारी होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक आठ वर्षो के बाद नए वर्ष के मौके पर शिमला में बड़ी संख्या में घरेलू और विदेशी पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष की शुरुआत में 13 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में 8.2 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई थी। उसके बाद से अब तक यहां बर्फबारी नहीं हुई है। वर्ष 2009 में भी शिमला में हल्की बर्फबारी ही दर्ज की गई थी।
शिमला में पिछली बार 1990, 1999, 2000 और 2002 में अच्छी बर्फबारी दर्ज की गई थी। हॉलीडे होम होटल के सहायक प्रबंधक विजय शर्मा ने कहा, "बर्फबारी की वजह से ही बड़ी संख्या में पर्यटक यहां सैर के लिए आते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications