अमेरिका में आंध्रप्रदेश के छात्र की हत्या के आरोप में दो गिरफ्तार
स्थानीय समाचार पत्र 'ह्यूस्टन क्रॉनिकल' के मुताबिक शहर के व्यवसायिक परिसर में काम करने वाले जयचंद्र इलापोरलू नाम के 22 वर्षीय छात्र की हत्या के आरोप में सोमवार को डेनियल जैकब स्टिनर (22) और माइकल रे मोरिस (29) को टेक्सास के पासाडेना से गिरफ्तार किया गया है।
इलापोरलू आंध्रप्रदेश के विजयावाड़ा शहर के थे और ह्यूस्टन क्लियर लेक विश्वविद्यालय से कम्प्यूटर इंजीनियरिंग में स्नात्कोत्तर की पढ़ाई कर रहे थे। हमलावरों ने शनिवार को उन पर पांच गोलियां चलाईं।
पुलिस ने कहा कि स्टिनर ने आत्मसमर्पण कर दिया और वह जांचकर्ताओं को कोनरो इलाके में उस स्थान पर भी ले गया जहां उसने वारदात में उपयोग किया गया नकाब छुपाया था। स्टिनर ने वारदात में लूटी गई 400 डॉलर की रकम भी वापस करने की बात कही है।
वहीं अन्य आरोपी मोरिस ने कहा कि वह घटना के समय दुकान में सामान खरीदने गया था। उसे गोलीबारी के मामले में फंसाया जा रहा है।
पासाडेना के सहायक पुलिस प्रमुख बड कोर्बेट ने कहा कि पुलिस का मानना है कि मोरिस भी इस वारदात में शामिल था। वीडियो कैमरों की रिकार्डिंग के मुताबिक वह दुकान में हालात की जानकारी लेने के लिए दो बार दाखिल हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications