चिदम्बरम ने किया गढ़चिरौली का दौरा
अधिकारियों ने बताया कि चिदम्बरम के साथ महाराष्ट्र के गृह मंत्री आर.आर. पाटील और पुलिस महानिदेशक डी. सिवानंदन भी मौजूद थे।
इस दौरान चिदम्बरम ने जिला मुख्यालय पर गढ़चिरौली के जिलाधिकारी अतुल पतने से मुलाकात की। उन्होंने जिलाधिकारी के साथ जिले में सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा करने के साथ ही अधिकारियों से विकास योजनाओं पर चर्चा की।
जिला मुख्यालय पर अधिकारियों से मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने यहां से 30 किलोमीटर दूर मुरूंगा वन क्षेत्र स्थित एक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शिविर का दौरा किया।
इसके बाद चिदम्बरम ने धनोरा इलाके में स्थानीय पुलिसकर्मियों और सीआरपीएफ के जवानों को सम्बोधित किया। केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे से पहले नक्सलियों ने यहां एक पंचायत भवन की इमारत में आग लगा दी थी। इस घटना में हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि यह पहला मौका है जब किसी केंद्रीय मंत्री ने नक्सल प्रभावित जिलों में से एक गढ़चिरौली का दौरा किया है। चिदम्बरम शाम को मुम्बई लौट जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे गढ़चिरौली यहां से करीब 950 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। नक्सली यहां आए दिन सुरक्षा बलों और सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाते हैं। गत वर्ष के अक्टूबर में नक्सलियों ने धावा बोलकर 18 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications