जीवित नवजात को मृत बताया, चिता में जलने से बचा
बच्चे के पिता ने मंगलवार को बताया कि उन्होंने शिशु को मृत घोषित करने वाले अस्पताल के खिलाफ पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है।
शिशु का जन्म समय से पहले ही हो गया था और उसे कुछ दिन पहले सिरसा के बेबीलोन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां शनिवार को चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिशु के पिता विनोद कुमार ने मंगलवार को बताया, "मैं अपने बेटे का शव दाह संस्कार स्थल पर ले गया था लेकिन अचानक मेरे भाई ने उसके पैरों में कुछ हरकत देखी। मैं तुरंत उसे एक अन्य निजी अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे जीवित बताया। अब उसकी हालत स्थिर है।"
उन्होंने कहा, "मैं उस अस्पताल के कर्मचारियों व चिकित्सकों को एक सबक सिखाना चाहता हूं। उन्होंने मेरे बेटे को मृत घोषित कर लापरवाही बरती है। मैं अस्पताल का लाइसेंस रद्द करवाकर दोषी चिकित्सकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहता हूं। मैंने पुलिस में एक शिकायत दर्ज कराई है और बहुत जल्दी ही मैं सिरसा के उपायुक्त से मिलूंगा।"
वैसे पुलिस का कहना है कि उसके पास अब तक इस तरह की कोई शिकायत नहीं आई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यहां कहा, "अब तक हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई है। यह एक गम्भीर मुद्दा है, यदि हमें कोई शिकायत मिलती है तो अस्पताल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications