दिल्ली में कोहरे से राहत, रेल यातायात प्रभावित (लीड-2)
नई दिल्ली, 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली में मंगलवार सुबह हुई बूंदाबांदी के कारण लोगों को सर्दी से राहत तो नहीं मिली लेकिन घने कोहरे से थोड़ी बहुत निजात जरूर मिल गई।
कोहरे के छंटने के कारण हवाई अड्डे पर विमानों का संचालन पहले से सामान्य रहा लेकिन रेल यातायात प्रभावित हुआ। मंगलवार को 50 रेलगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने दिन में और अधिक बारिश होने की उम्मीद जताई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "जम्मू एवं कश्मीर के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ के बने होने के कारण दिल्ली में हल्की बारिश हुई। दिन में और अधिक बारिश होने की संभावना है।"
अधिकारी ने बताया, "आसमान पर बादल छाये रहेंगे और दिन में और बारिश होने की संभावना है। शहर में 31 दिसम्बर तक और बारिश होने की उम्मीद है।"
अधिकारी ने बताया कि कोहरा नहीं होने से शहर के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता पिछले तीन दिनों की अपेक्षा सामान्य स्तर पर रही। सोमवार को घने कोहरे की वजह से कई घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को रद्द करना पड़ा था।
उधर, रेलवे प्रवक्ता के मुताबिक कोहरे और राजस्थान के बयाना में गुज्जरों के प्रदर्शन की वजह से 50 रेलगाड़ियों का परिचालन बाधित हुआ। जनता एक्सप्रेस, उज्जैन एक्सप्रेस और जनशताब्दी सहित छह रेलगाड़ियों के समय में बदलाव किया गया।
प्रवक्ता के मुताबिक कटिहार एक्सप्रेस, द गोल्डेन टेम्पल एक्सप्रेस और जम्मू से आने वाली राजधानी एक्सप्रेस सहित लगभग 35 रेलगाड़ियां दो से 52 घंटे की देरी से चल रही हैं। मुम्बई के बांद्रा से आने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस 52 घंटे देरी से चल रही थी।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से एक डिग्री सेल्सियस ऊपर था। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना जताई गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications