तेंदुए को मारने के आरोप में शिकारी गिरफ्तार
लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश), 28 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित दुधवा राष्ट्रीय उद्यान में तेंदुए को मारने के आरोप में एक शिकारी को गिरफ्तार किया गया है।
दुधवा के किशनपुर रेंज में रविवार देर शाम घनी झ्झाड़ियों में करीब तीन साल के एक तेंदुए का शव पाया गया था।
शिकारी को पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मिलकर सोमवार रात गिरफ्तार किया।
दुधवा के उप-निदेशक संजय पाठक ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि एक शिकारी को गिरफ्तार किया गया है। तेंदुए के शिकार में कुछ और लोग शामिल हो सकते हैं। जांच की जा रही है कि शिकारी के सम्बंध किसी संगठित गिरोह से तो नहीं हैं।
सूत्रों के मुताबिक तेंदुए के शिकार के सम्बंध में कुछ वन अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दुधवा के अंदर किसी तेंदुए का शिकार होना बहुत गम्भीर मामला है। इस सम्बंध में तीन-चार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
शव बरामद किए जाने के बाद अधिकारी पहले मान रहे थे कि तेंदुए की मौत घनी झाड़ियों में फंसने से हुई लेकिन मौके से एक लोहे के तार का फंदा मिलने के बाद उसका शिकार होने की आशंका प्रबल हो गई।
तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान भेजा गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications