कश्मीर में गुरुवार को बर्फबारी के आसार
श्रीनगर मौसम विभाग के सहायक मौसम विज्ञानी एम. एस. वानी ने बताया, "कश्मीर में 30 दिसम्बर को हल्की बर्फबारी की संभावना है। बर्फबारी से पिछले दो महीनों से चल रही बर्फीली हवाओं का दौर थम जाएगा।"
वानी ने कहा कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वानी ने कहा, "लेह कस्बे में न्यूनतम तापमान शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कारगिल में तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे, पहलगाम में शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
कश्मीर घाटी में पिछले दो महीनों से सर्द हवाएं चल रही हैं। एक निजी चिकित्सक अब्दुल राशिद ने बताया, "लगातार सर्द हवाएं चलने से हमारे पास सांस में तकलीफ जैसी समस्या लेकर काफी संख्या में लोग आ रहे हैं।"
राशिद ने कहा कि बर्फबारी या फिर बारिश होने के बाद ऐसे मरीजों की संख्या में कमी आएगी।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से ऐसा हो रहा है। सोमवार को यह विक्षोभ ईरान के ऊपर सक्रिय था। उधर, श्रीनगर में स्थित प्रसिद्ध डल झील का पानी बर्फ में तब्दील हो गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications