भीतरकणिका राष्ट्रीय उद्यान में पक्षियों की तादाद घटी
उड़ीसा के इस राष्ट्रीय उद्यान में हाल ही में पक्षियों की गणना कराई गई थी। गणना के मुताबिक पिछले दो वर्ष की तुलना में पक्षियों की संख्या घटकर लगभग आधी रह गई है।
अधिकारियों के मुताबिक राज्य के केंद्रपाड़ा जिले में स्थित इस उद्यान में पक्षियों की कम से कम 107 प्रजातियां मौजूद हैं। पक्षियों की गणना 23 दिसम्बर को कराई गई थी।
वन एवं वन्यजीव विभाग के अधिकारी प्रति वर्ष दिसम्बर की शुरुआत में पक्षियों की गणना कराते हैं लेकिन इस बार मौसम खराब होने की वजह से इसमें बदलाव कर दिया गया था।
क्षेत्रीय वन अधिकारी मनोज महापात्रा ने आईएएनएस को बताया, "जिस समय हम पक्षियों की गणना शुरू की उस समय सम्भवत: पक्षी दूसरी जगहों पर चले गए होंगे।"
उन्होंने कहा, "गणना के दौरान राष्ट्रीय उद्यान में पक्षियों की 107 प्रजातियां पाई गईं जिससे ये संकेत मिले कि यहां पक्षियों के प्रजातियों की संख्या पहले से बेहतर हुई है।"
महापात्रा ने कहा कि पिछले साल पक्षियों के प्रजातियों की संख्या 100 से भी कम थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 में कराई गई गणना के मुताबिक पक्षियों की संख्या 101,293 थी जबकि वर्ष 2009 में इनकी संख्या 105,949 थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications