उत्तर भारत में कोहरे से जनजीवन प्रभावित
राष्ट्रीय राजधानी सहित उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में सुबह घने कोहरे की वजह से दृश्यता में कमी आई है।
दिल्ली में सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण सड़कों पर जहां वाहनों की रफ्तार थम गई वहीं रेल और हवाई यातायात पर बुरा असर पड़ा। कई प्रमुख रेलगाड़ियों के समय में बदलाव किया गया, तो कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा।
इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों के मुताबिक कम दृश्यता के कारण कम से कम 10 उड़ानों को रद्द करना पड़ा जबकि 20 में देरी और 23 के मार्ग में परिवर्तन किया गया। राजधानी के कई इलाकों में दृश्यता केवल 20 मीटर थी।
उधर, रेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के कारण दिल्ली से चलने वाली पांच रेलगाड़ियों के समय में बदलाव किया गया जबकि 55 गाड़ियां देरी से चल रही हैं। भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस, अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस और ताज एक्सप्रेस के समय में बदलाव किया गया है।
दिल्ली में विभिन्न इलाकों पीतमपुरा, अक्षरधाम, करोल बाग, राजघाट और अन्य इलाकों में दृश्यता कम होने की वजह से वाहनों की लम्बी कतार लग गई। रानी बाग, एम्स, सफदरजंग, आईटीओ और अन्य इलाकों में भी कोहरे की वजह से यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली के अलावा नोएडा में भी दृश्यता केवल 50 मीटर तक रही।
राजस्थान भी कड़ी सर्दी और कोहरे की चपेट में है। राज्य के चुरु में सबसे कम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
जम्मू एवं कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 15.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में हालांकि न्यूनतम तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग(आईएमडी) के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का देश के पश्चिमोत्तर इलाके में असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने जारी बयान में बताया कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चण्डीगढ़ और राजस्थान में अगले 24 घंटे तक कोहरे का प्रभाव बना रहेगा और उसके बाद इसमें धीरे-धीरे कमी आएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications