नेपाल में अश्लीलता के आरोप में 5 भारतीय गिरफ्तार
काठमांडू, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। चार भारतीय युवतियों और एक होटल मालिक (भारतीय) को अश्लील हरकतों और शांति में खलल डालने के आरोप में नेपाल में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस निरीक्षक भीम बहादुर बोगाती ने आईएएनएस को बताया कि पांचों को भारत-नेपाल सीमा से लगे दक्षिणी नेपाल में स्थित एक होटल से क्रिसमस के मौके पर गिरफ्तार किया गया था।
बोगाती ने कहा, "हमें गुप्त सूचना मिली थी कि बीरगंज में शेखर होटल में अश्लील नृत्य के आयोजन किए जा रहे हैं। शुक्रवार रात लगभग 9.30 बजे जब हमने होटल पर छापा मारा तो चार महिलाओं को कम कपड़ों में अश्लीलता का प्रदर्शन करते हुए पाया। हमने उन्हें और होटल मालिक को अश्लील हरकतों और शांति में व्यवधान पैदा करने के लिए गिरफ्तार कर लिया।"
गिरफ्तार दो महिलाएं, निशा खातून (16) पश्चिम बंगाल से और लक्ष्मी कुमारी यादव उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिले से हैं। अन्य दो महिलाएं तुपू मंडल (21) पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से और पया सिंह (25) उत्तर प्रदेश के नया बस्ती से हैं।
होटल मालिक गुरुप्रकाश सिंह (27) बिहार में हाजीपुर का निवासी है।
बोगाती ने कहा कि कानूनन पांचों को 25 दिनों तक हिरासत में रखा जा सकता है। उसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
शांति में व्यवधान डालने के आरोप में जहां कोई नेपाली नागरिक आमतौर पर जमानत पर रिहा हो जाता है, वहीं विदेशी नागरिकों के लिए कानून ज्यादा सख्त हो सकता है। उन्हें इस डर से जमानत देने से अक्सर इंकार कर दिया जाता है कि वे जमानत के बाद देश से भाग जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications