आतंकी हमले का खतरा, कर्नाटक में हाई अलर्ट
येदियुरप्पा ने वरिष्ठ नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, "केंद्र सरकार की सलाह पर प्रदेशभर में और खासकर तटीय जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।"
उन्होंने बताया कि अर्धसैनिक बलों के 550 जवानों की एक टुकड़ी प्रदेश में पहुंच गई है और उसे राज्य पुलिस की मदद के लिए बेंगलुरू में तैनात किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सेना के कमांडो भी राज्य पुलिस के 200 कर्मियों को आतंकवाद रोधी ऑपरेशनों के लिए प्रशिक्षित कर रहे हैं।
कर्नाटक का अरब सागर से लगा 300 किलोमीटर से भी लम्बा तटीय क्षेत्र है। जहां दक्षिणा कन्नड़ जिले में न्यू मैंगलोर और उत्तर कन्नड़ जिले में करवर दो प्रमुख बंदरगाह हैं। इसके अलावा 10 छोटे बंदरगाह भी हैं।
सरकारी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि केंद्रीय एजेंसियों ने सूचना दी है कि प्रदेश के धार्मिक स्थलों व अन्य प्रमुख स्थलों (जहां पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचते हैं) पर आतंकवादी हमले का आशंका है।
वैसे येदियुरप्पा का कहना है कि राज्य में आतंकवादियों के प्रवेश करने की कोई सूचना नहीं है।
बैठक में राज्य के गृह मंत्री आर. अशोक, मुख्य सचिव एस. वी. रंगनाथ, बेंगलुरू के पुलिस आयुक्त शंकर बिदरई, गृह सचिव के. एम. शिवशंकर भी मौजूद थे।
बिदरई ने संवाददाताओं को बताया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
पिछले पांच साल में बेंगलुरू में पांच आतंकवादी हमले हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications