प्रधानमंत्री के प्रस्ताव पर जल्द निर्णय लेगी पीएसी : जोशी
नई दिल्ली, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने सोमवार को कहा कि पीएसी के समक्ष पेश होने सम्बंधी प्रधानमंत्री के प्रस्ताव पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
जोशी ने संवाददाताओं को बताया, "पीएसी को प्रधानमंत्री से एक पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें उन्होंने जरूरत पड़ने पर पीएसी के समक्ष पेश होने के अपने प्रस्ताव को दोहराया है। जिन दस्तावेजों की मांग की गई थी, उनके कार्यालय ने सौंप दिए थे।"
जोशी ने प्रधानमंत्री के प्रस्ताव के बारे में कहा, "उचित समय पर कोई उचित निर्णय लिया जाएगा। हम प्रधानमंत्री के पत्र का गहराई से अध्ययन करेंगे और उसके बाद आगे की कार्रवाई के बारे में निर्णय लेंगे।"
एक सप्ताह पहले कांग्रेस महाधिवेशन में अपने आश्वासन के बाद मनमोहन सिंह ने जोशी को एक पत्र लिखा था और कहा था कि यद्यपि किसी पीएसी के समक्ष प्रधानमंत्री के पेश होने का कोई उदाहरण नहीं है, फिर भी वह ऐसा करने के लिए तैयार हैं।
मनमोहन सिंह ने जोशी को लिखे अपने पत्र में कहा है, "जहां तक मेरी जानकारी है, पीएसी, सम्बंधित विभागों के सचिवों, विभागों या सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के प्रमुखों से सबूत जुटाती है। लेकिन हाल के दुष्प्रचार के मद्देनजर, जिनमें कहा गया कि प्रधानमंत्री एक संसदीय समिति के समक्ष पूछताछ के लिए पेश नहीं होना चाहते, मैं आपको सूचित करता हूं कि यदि पीएसी प्रधानमंत्री से स्पष्टीकरण चाहती है तो मैं उसके समक्ष पेश होने को तैयार हूं। यद्यपि मैं यह भी मानता हूं कि किसी पीएसी के समक्ष प्रधानमंत्री के पेश होने का फिलहाल कोई उदाहरण नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications