'राडिया के साथ अनंत कुमार के सम्बंध की जांच होगी'
संस्कृति, योजना एवं संसदीय मामलों के राज्य मंत्री वी.नारायणसामी ने कहा, "राडिया से कुमार की नजदीकी से सम्बंधित खुलासा भाजपा के गाल पर तमाचा है। सरकार इस बात की जांच करेगी कि कुमार ने राडिया को किसी आधिकारिक निर्णय के बारे में जानकारी दी थी या नहीं।"
नारायणसामी ने यहां संवाददाताओं से कहा, "राडिया के साथ आधिकारिक जानकारी को बांटना एक राष्ट्रविरोधी कार्य है।"
ज्ञात हो कि राडिया के पूर्व व्यापारिक साझेदार, राव धीरज सिंह ने एक टेलीविजन चैनल पर पिछले सप्ताह एक साक्षात्कार में कहा था कि कुमार और राडिया एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह जानते थे।
नाराणसामी ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने संसद के सुचारु संचालन का रास्ता निकालने के लिए 30 और 31 दिसम्बर को नई दिल्ली में सभी दलों के नेताओं की एक बैठक बुलाई है।
नारायणसामी ने विपक्ष द्वारा 22 दिनों तक संसद की कार्यवाही में व्यवधान डालने को अलोकतांत्रिक बताया। इससे देश को लगभग 33 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
नारायणसामी ने कहा, "2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच की मांग कर रहीं कई पार्टियों के सदस्य जेपीसी में शामिल नहीं हो सकते। क्योंकि जेपीसी में शामिल होने के लिए किसी पार्टी के पास कम से कम 17 सदस्य होना अनिवार्य है।"
नारायणसामी ने कहा, "लोक लेखा समिति (पीएसी) के पास स्पेक्ट्रम आवंटन और इससे सरकारी खजाने को हुए नुकसान के मुद्दे की जांच के लिए पर्याप्त अधिकार हैं। पीएसी इस मामले की पिछले आठ महीने से जांच कर रही है।"
यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस पार्टी 1.76 खरब रुपये के घोटाले की जेपीसी जांच कराने को लेकर क्यों उदासीन है, तो नारायणसामी ने कहा, "पिछले अनुभवों से पता चलता है कि जेपीसी जांच प्रभावी नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications