पाकिस्तान में विस्फोट के बाद खाद्य सहायता कार्यक्रम स्थगित
स्थानीय समाचार पत्र 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' के मुताबिक पाकिस्तान के बाजौर कबाइली क्षेत्र में विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) के चार वितरण केंद्रों से होने वाली खाद्य पदार्थो की आपूर्ति को फिलहाल रोक दिया गया है।
डब्ल्यूएफपी के प्रवक्ता अमजद जमाल ने कहा, "स्थिति ठीक होने पर हमारे कर्मचारी जल्द ही काम शुरू करेंगे।"
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के बाजौर के मुख्य कस्बे खार में वितरण केंद्र पर हुए आत्मघाती हमले में 46 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के समय लगभग 300 लोग वितरण केंद्र पर उपस्थित थे।
पाकिस्तानी तालिबान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है लेकिन आत्मघाती हमलावर की पहचान नहीं की जा सकी है।
उधर, इस्लामाबाद में संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता इशरत रिजवी ने कहा कि इस आत्मघाती हमले में डब्ल्यूएफपी के किसी कर्मचारी को नुकसान नहीं पहुंचा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications