हिमाचल में धूप खिली, विमान सेवाएं बहाल
शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया,"राज्यभर में सोमवार को धूप खिली। मंगलवार को भी मौसम की ऐसी ही स्थिति रहेगी।"
उन्होंने बताया कि राज्य में ऊंचाई वाले इलाके लाहौल एवं स्पीति जिले का मुख्यालय केलांग सबसे सर्द रहा और यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार किन्नौर जिले के कालपा में तापमान शून्य से तीन डिग्री नीचे रहा जबकि कुल्लू जिले के भूंतर में यह शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं शिमला में तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में सोमवार से उड़ानों की आवाजाही फिर से शुरू हुईं लेकिन दिल्ली में सुबह घना कोहरा होने की वजह से विमानों की रवानगी में विलम्ब हुआ।
गौरतलब है कि रविवार को घना कोहरा होने की वजह से उड़ानें बुरी तरह से प्रभावित रहीं। दिल्ली-शिमला और दिल्ली-कुल्लू के बीच विमानों का संचालन बंद रहा। वहीं राष्ट्रीय राजधानी और धर्मशाला के बीच हवाई सेवाएं जारी रहीं।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, "दिल्ली से शिमला, कुल्लू और धर्मशाला के लिए सोमवार को सभी उड़ानें फिर से शुरू हुईं लेकिन हवाई यातायात मार्ग के जाम रहने की वजह से विमानों के संचालन में देरी हुई।"
मौसम विभाग के अनुसार राज्यभर में 29 दिसम्बर के बाद बादल छाए रहेंगे और कुछ हिस्सों में मध्यम बर्फबारी हो सकती है।
सिंह ने बताया, "शिमला, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल एवं स्पीति, चम्बा, कांगड़ा और मंडी जिले में 29 से 31 दिसम्बर के दौरान बर्फ गिर सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications