नेपाल में 3 भारतीय युवक गिरफ्तार
काठमांडू, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत के दार्जीलिंग जिले से 120 किलोग्राम सल्फर (गंधक) के साथ नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे तीन भारतीय युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बारूद बनाने में गंधक को एक घटक के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
पुलिस अधीक्षक रबिंद्र प्रसाद शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि मानिक रॉय (23), हरेश सिन्हा (22), और सोतोर रॉय (23) को रविवार को पूर्वी नेपाल में उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वे ककरभीटा प्रवेश चौकी के रास्ते नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।
तीनों एक साइकिल पर गंधक लादे हुए थे। बारूद बनाने में गंधक एक मुख्य अवयव के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
तीनों ने अपना पता दार्जीलिंग का बताया है, लेकिन पुलिस को संदेह है कि वे सिलीगुड़ी के हो सकते हैं।
शर्मा ने कहा कि तीनों को तब तक के लिए हिरासत में रखा गया है, जब तक उनकी पृष्ठभूमि और गंधक लाने के पीछे उनके मकसद की जांच पूरी नहीं हो जाती।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications