न्यूयार्क, बोस्टन में बर्फीला तूफान, रेल और हवाई सेवाएं ठप्प
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार मौसम विज्ञानियों ने कुछ जगहों पर स्थानीय समयानुसार सोमवार शाम पांच बजे तक 50 सेंटीमीटर तक बर्फ गिरने की संभावना जताई है। हालांकि रविवार से बर्फबारी की गति में मामूली कमी आई है। हवा की गति भी 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार को पार कर सकती है।
रिपोर्ट के अनुसार क्रिसमस की छुट्टियां खत्म होने के बाद लाखों लोग घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अकेल न्यूयार्क के आसपास के हवाई अड्डों से 1,400 से ज्यादा उड़ानें रद्द की गई हैं।
न्यूयार्क और न्यूजर्सी परिवहन प्राधिकरण के प्रवक्ता सारा जॉरेन ने बताया कि रविवार शाम तक तीन हवाई अड्डों पर उड़ानें रुकीं रहीं, जबकि जॉन एफ. केनेडी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार सुबह पांच बजे से उड़ानें शुरू होने की सम्भावना है।
रेल सेवाएं शुरू होने की भी उम्मीद है। रेल सेवा प्रदाता निगम एम्ट्रैक के प्रवक्ता क्लीफ कोल ने कहा, "रविवार को पूरे दिन न्यूयार्क-बोस्टन कॉरिडोर पर रेल सेवाएं रद्द कर दी गईं और इसे दोबारा शुरू करने के लिए सोमवार सुबह फैसला किया जाना है।"
कोल ने कहा, "बर्फीले तूफान से पूरे कॉरिडोर के प्रभावित होने की वजह से कोई विकल्प नहीं बचा है।"
रिपोर्ट के मुताबिक दोनों शहरों में बस सेवाओं पर भी असर पड़ा है। अमेरिका के वाहन संचालन संगठन ने लोगों से सड़कों पर न आने की सलाह दी है। इसके अलावा कहा है कि अगर वे वाहन चलाने की कोशिश करते हैं तो साथ में कम्बल, जूते, पानी और मोबाइल फोन को चार्ज रखें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications