केंद्र ने बिलासपुर-लेह रेल प्रस्ताव आयोग को भेजा
शिमला, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार ने बिलासपुर-मनाली-लेह रेलवे लाइन का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए योजना आयोग को भेजा है।
उन्होंने कहा कि इस लाइन की व्यवहार्यता जांच पूरी हो चुकी है। इस सम्बंध में रेल राज्यमंत्री ई़ अहमद ने पत्र लिखकर उन्हें सूचित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पठानकोट-जोगिंद्रनगर को बड़ी रेल लाइन में बदलने तथा इसे आगे मंडी तक बढ़ाने का मामला रेलवे मंत्रालय के विचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित लाइन राष्ट्रीय हित में है। पड़ोसी देश चीन द्वारा राष्ट्रीय सीमा के इस क्षेत्र में वर्ष भर यातायात के लिए सुचारु रहने वाली आधा दर्जन रेलवे लाइनें बिछाई गई हैं, जो भारत के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि वर्ष भर यातायात के लिए उपलब्ध रहने वाली इस 498 किलोमीटर बड़ी रेल लाइन के निर्माण पर 22,831 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है।
धूमल ने कहा कि अहमद ने सूचित किया है कि पठानकोट-जोगिंद्रनगर छोटी रेल लाइन को बड़ी रेल लाइन में बदलने का मामला भी रेल मंत्रालय के विचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि 181 किलोमीटर लंबी पठानकोट-जोगिंद्रनगर छोटी रेल लाइन का सर्वेक्षण भी रेल मंत्रालय द्वारा किया गया है। इस रेल लाइन के विद्युत संचारण पर 3,279 करोड़ रुपये तथा डीजल संचारण पर 2,888 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रेल लाइन जहां सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, वहीं इसके बनने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी व्यापक बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications