कर्नाटक निकाय चुनाव में 55 फीसदी मतदान
बेंगलुरू, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। कर्नाटक की स्थानीय निकायों के लिए रविवार को 12 जिलों में हुए प्रथम चरण के मतदान के दौरान 55 फीसदी लोगों ने मतदान किया। इन 12 जिलों में करीब एक करोड़ मतदाता हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, "जिलों से मिली प्रारंभिक सूचना के अनुसार लगभग 55 फीसदी मतदान हुआ।"
प्रवक्ता ने बताया कि 375 जिला पंचायत एवं 1,340 तालुका पंचायत सीटों के लिए मतदान शांतिपूर्ण रहा, हालांकि मतदाता सूची से नाम गुम होने, फर्जी मतदान का प्रयास, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी तथा मतदाताओं के बीच रुपये बांटने जैसी शिकायतें भी आईं।
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र सुबह सात बजे खुले। सर्द मौसम के कारण शुरुआत में मतदान की गति धीमी रही, लेकिन बाद में रफ्तार बढ़ती गई। सभी मतदान केंद्र शाम पांच बजे बंद हुए।
जिलास्तरीय चुनाव में यहां पहली बार ईवीएम का इस्तेमाल किया गया।
जिन जिलों में मतदान हुआ, वे हैं- बेंगलुरू शहरी व ग्रामीण, रामानगरम, चित्रदुर्ग, कोलार, चिकबल्लापुर, शिमोगा, तुमकुर, बीदर, बेलारी, रायचुर और रादगीर।
प्रवक्ता ने बताया कि दूसरे चरण में 31 दिसम्बर को 17 जिलों तथा अगले दिन गुलबर्गा जिले में मतदान होगा। मतगणना चार जनवरी को होगी।
उन्होंने बताया कि इन चुनावों में अधिकांश जगहों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications