दिल्ली में कोहरे से उड़ानें, रेल सेवाएं बाधित (लीड-2)
दिन में धीरे-धीरे कोहरा छटने के साथ ही यातायात सेवाएं शुरू हो पाईं।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार देर रात तेजी से कोहरा बढ़ने की वजह से दृश्यता में गिरावट आई। इससे दिल्ली हवाई अड्डे पर कई घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई थीं, लेकिन दिन में एक बजे के बाद 'लो विजबिलिटी प्रोसिजर'(एलवीपी) को हटा लिया गया।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, "शनिवार को सुबह 7.30 बजे एलवीपी को लागू करना पड़ा था, जो रविवार तक जारी रहा। अब धीरे-धीरे कोहरा छटने पर इसे हटा लिया गया है। दृश्यता में सुधार के साथ ही देर से चल रही उड़ानें शुरू हो जाएंगी।"
अधिकारियों के अनुसार सात घरेलू उड़ानों के अलावा 38 उड़ानों को रद्द कर दिया गया। जबकि 42 उड़ानों के मार्गो में बदलाव किए गए हैं। इनमें 28 घरेलू और 14 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया,"उड़ानों के समय में बदलाव नहीं किए गए हैं।"
इंदिरा गांधी हवाई अड्डे (आईजीआई) पर यात्रियों ने कुप्रबंधन और सूचना न दिए जाने की शिकायतें की।
सॉफ्टवेयर पेशेवर रजत कुमार ने बताया, "मुझे जयपुर के लिए सुबह नौ बजे की उड़ान पकड़नी थी और मैं जब हवाई अड्डा 6.30 बजे पहुंचा तो मुझे बताया गया कि उड़ान रद्द कर दी गई है। हवाई कम्पनियों का यह कत्र्तब्य बनता है कि वे उड़ानों में देरी और उन्हें रद्द करने के बारे यात्रियों को सूचित करें।"
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के अधिकारियों ने बताया कि रनवे पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम थी, जिस कारण कई उड़ानों में देरी हुई तो कई को रद्द करना पड़ा।
एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि घने कोहरे की वजह से रेल सेवा भी प्रभावित हुई। 51 रेलगाड़ियां एक घंटे से लेकर 27 घंटे की देरी से चल रही हैं। राजस्थान के बयाना में चल रहे गुर्जरों के आंदोलन से भी रेल यातायात बाधित हुआ है।
देरी से चलने वाली रेलगाड़ियों में जनसाधारण एक्सप्रेस, कटिहार एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल और एपी एक्सप्रेस शामिल हैं। गुजरात सम्पर्क क्रांति अपने निर्धारित समय से 27 घंटे की देरी से चल रही हैं।
इसके अलावा एक रेलगाड़ी का समय बदला गया है जबकि दो रेलगाड़ियों को रद्द किया गया है।
उत्तर रेलवे ने रेलगाड़ियों के बारे में जानकारी के लिए हेल्पलाइन नम्बरों की घोषणा की है। नई दिल्ली : 011-237440452, पुरानी दिल्ली : 23967322, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन : 24355964।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में रविवार सुबह शून्य के करीब पहुंची दृश्यता दिन के समय ठीक हो जाएगी। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के इस समय के लिए औसत से एक डिग्री कम है।
अधिकारी के अनुसार अधिकतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी के कारण तापमान में और गिरावट आ सकती है। इस बार का सबसे सर्द दिन 22 दिसम्बर था। इस दिन न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications