उप्र सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या 36 पहुंची
लखनऊ, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शनिवार देर शाम एक मिनी ट्रक और रोडवेज बस के बीच हुई टक्कर में मरने वालों की संख्या बढ़कर रविवार को 36 पहुंच गई। इस हादसे में 18 लोग घायल हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार रात एक मिनी ट्रक में सवार 54 लोग एक दाह संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। तभी यहां से करीब 250 किलोमीटर दूर बदायूं में बरेली-एटा राजमार्ग पर वितरोई गांव के समीप मिनी ट्रक पलट गया, जिसमें सामने से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी।
व्यापारी मोहन लाल के दाह संस्कार में शामिल होने के बाद पीड़ित पड़ोसी जिले के उझानी कस्बे में अपने घर लौट रहे थे।
बदायूं के जिलाधिकारी अमित गुप्ता ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "ट्रक में 54 लोग सवार थे। शनिवार रात बस ने इसमें पीछे से टक्कर मार दी।"
उन्होंने बताया कि इस हादसे में बस के चालक और ट्रक में सवार 33 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
गुप्ता ने कहा कि हादसे में बस चालक की मौत हो गई लेकिन बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क के पास खुदाई होने की वजह से वहां भारी मात्रा में बालू का ढेर जमा था, जो हादसे की वजह हो सकता है।
गुप्ता ने कहा, "प्रारम्भिक जांच में पता चला है कि सड़क के बीच में बालू का ढेर देखने पर ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगाई और तभी पीछे से आ रही बस ने उसे टक्कर मार दी।"
उन्होंने कहा कि हादसे में घायल 18 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications