दिल्ली में कोहरे के कारण उड़ानें बाधित
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक घने कोहरे के कारण दिल्ली में दृश्यता शून्य के स्तर पर आ गई। हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने कहा कि इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के मुख्य और नए रनवे पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम थी, जिस कारण कई उड़ानों में देरी हुई तो कई को रद्द करना पड़ा।
अधिकारी ने कहा कि कम दृश्यता की वजह से करीब 15 घरेलू और 12 अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को रद्द करना पड़ा। दिल्ली आ रही सात अंतर्राष्ट्रीय उड़ाने करीब पांच घंटे की देरी से चल रही थीं।
अधिकारी ने कहा, "मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दिन में आसमान साफ होगा। सुबह की अधिकतर उड़ानों में करीब पांच घंटे की देरी हुई या उनका समय बदला गया।"
एयरलाइंस ने लखनऊ, लेह, श्रीनगर, जयपुर, कुल्लू, अमृतसर, मुम्बई, पटना, चण्डीगढ़ और गोवा जाने वाली कुछ उड़ानों को रद्द कर दिया।
उधर, शनिवार की रात न्यूयार्क, शिकागो और टोरंटो जाने वाली एयर इंडिया की कुछ उड़ानों में भी दृश्यता कम होने के कारण देरी हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications