पूर्वोत्तर को जोड़ने के लिए बांग्लादेश के रास्ते नया 'सिल्क रूट'
अगरतला, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। सरकारी स्वामित्व वाली कम्पनी, तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी), बांग्लादेश के रास्ते एक नए 'सिल्क रूट' का निर्माण करेगी। 50 किलोमीटर लम्बा यह मार्ग देश के पूर्वोत्तर राज्यों को पड़ोसी देशों के साथ जोड़ेगा। यह जानकारी कम्पनी के एक शीर्ष अधिकारी ने दी।
ओएनजीसी, बांग्लादेश में इस परियोजना पर 25 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इस परियोजना के तहत देश में एक बंदरगाह का भी निर्माण होगा।
ओएनजीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आर.एस.शर्मा ने संवाददाताओं को बताया, "बांग्लादेश के रास्ते नए 'सिल्क रूट' के विकास के साथ पूर्वोत्तर भारत, बांग्लादेश और पड़ोसी देशों के बीच एक नया व्यापार मार्ग तैयार होगा।"
भारत और चीन के बीच पुराना 'सिल्क रूट' पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जिले को पार करने के बाद शुरू होता है।
शर्मा ने कहा, "ओएनजीसी की नई सहयोगी इकाई, ओएनजीसी त्रिपुरा विद्युत कम्पनी (ओटीपीसी) ने त्रिपुरा में 726 मेगावाट के विद्युत संयंत्र हेतु भारी उपकरणों को लाने के लिए एक नया परिवहन गलियारा बनाने हेतु पिछले महीने बांग्लादेश सरकार के साथ एक आपसी समझौते पर हस्ताक्षर किया था।"
शर्मा ने कहा कि बंदरगाह और सड़क निर्माण के लिए ओएनजीसी ने काम को युद्धस्तर पर पूरा करने के लिए बांग्लादेश के छह ठेकेदारों को काम में लगाया है। उन्होंने कहा, "सभी जरूरी अधोसंरचना पर काम शुरू है और फरवरी 2011 के मध्य तक इसके पूरा हो जाने की सम्भावना है।"
ये ठेकेदार बांग्लादेश के सड़क एवं राजमार्ग विभाग की निगरानी में काम करेंगे।
शर्मा ने कहा, "नए सिल्क रूट से न केवल पूर्वोत्तर के आठ राज्यों को लाभ होगा, बल्कि इससे इस क्षेत्र और पड़ोसी देशों के बीच व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications