हिमाचल में नए साल पर हो सकती है बर्फबारी
शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को बताया कि राज्य में हल्की से मध्यम बर्फबारी की संभावना है। इससे होटल उद्योग जगत में खुशी की लहर है। साथ ही उम्मीद है कि इस बार राजधानी में आठ साल बाद बर्फबारी के साथ नया साल मनाया जाएगा।
मौसम विभाग के महानिदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "राज्य में पश्चिमी विक्षोभ पहुंच रहा है और इसकी वजह से बर्फबारी के आसार हैं।"
उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के 29 दिसम्बर तक सक्रिय होने की संभावना है। इसकी वजह से नए साल के अवसर पर बर्फबारी के आसार नजर आ रहे हैं।
सिंह ने बताया, "शिमला, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल एवं स्पीति,चम्बा, कांगड़ा और मंडी जिलों के पहाड़ी हिस्सों में बर्फबारी हो सकती है।"
मौसम विभाग के निदेशक के मुताबिक शिमला के पड़ोसी इलाकों मसलन कुफ्री, फागू, नारकंडा और मनाली में भी बर्फबारी हो सकती है।
उन्होंने कहा, "राज्य में तापमान बर्फबारी के अनुकूल बना हुआ है। हल्की बारिश से मौसम में नमी आएगी और इससे बर्फबारी जैसे हालात बन सकते हैं। अगर इसके साथ ही कुछ दिनों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया तो शिमला, मनाली और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी हो सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications