अमेरिका में भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या
आंध्र प्रदेश निवासी इलाप्रोलू जयचंद्रा (22) के परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक टेक्सास के एक गैस स्टेशन पर कुछ अज्ञात लुटेरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
विजयवाड़ा में रह रहे जयचंद्रा के परिजनों को यह दुखद समाचार शनिवार देर रात को मिला। यह घटना 25 दिसम्बर को स्थानीय समयानुसार देर दो बजे से तीन बजे के बीच हुई। जयचंद्रा कम्प्यूटर में अपनी स्नातकोत्तर डिग्री हासिल करने के लिए गत जुलाई में अमेरिका गया था और एक महीने पहले ही उसे गैस स्टेशन पर अंशकालिक नौकरी मिली थी।
राज्य के कृष्णा जिले के विजयवाड़ा शहर में जयचंद्रा के घर पर मातम पसरा है। दोस्त तथा रिश्तेदार उनके माता-पिता और घरवालों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
परिजनों के मुताबिक जयचंद्रा का शव अगले दो दिनों में यहां लाया जाएगा। उत्तरी अमेरिका तेलुगू एसोसिएशन (टीएएनए) ने जयचंद्रा के परिजनों की सहायता करने का आश्वासन दिया है।
उधर, अमेरिका में पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिल गई है, जिसमें नकाब पहने दो लोगों को गैस स्टेशन में दाखिल होते हुए और क्लर्क को मारकर नकदी लेकर फरार होते दिखाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications