देश में पहली समुद्री विमान सेवा सोमवार से
नई दिल्ली, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)। बंगाल की खाड़ी स्थित अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में पर्यटन और सम्पर्क को बढ़ावा देने के लिए पहली समुद्री विमान सेवा सोमवार को शुरू हो जाएगी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इस सेवा का उद्घाटन नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल करेंगे। बयान में कहा गया है, "भारत में पहली बार समुद्री विमान सेवा शुरू की जा रही है। अंडमान एवं निकोबार द्वीप के लिए इस योजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दी है। यह योजना इस द्वीप में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए है।"
बयान में कहा गया है कि यह सेवा अंडमान एवं निकोबार प्रशासन और पवन हंस हेलीकॉप्टर्स लिमिटेड (पीएचएचएल) के बीच समझौते के तहत संचालित होगी।
बयान के अनुसार, "सेवा का संचालन पीएचएचएल और अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के बीच मुनाफे/घाटे में आधी-आधी साझेदारी के आधार पर होगा।"
सेवा की शुरुआत एक सेसना 208ए के जरिए होगी। इसमें आठ यात्रियों और दो पायलटों को ले जाने की क्षमता है। इस सेवा के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु राजधानी पोर्ट ब्लेयर को हेवलॉक द्वीप से तथा उत्तरी अंडमान के अन्य द्वीपों से जोड़ा जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications