दिल्ली में नकली नोटों के साथ 3 गिरफ्तार
नई दिल्ली, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में नकली नोटों के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 13,700 रुपये के नकली नोट बरामद हुए।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि नकली नोटों के धंधे में शामिल आलम (42), सुनील कुमार सिंह (46) तथा करामत हुसैन (45) को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। ये सभी बिहार के रहने वाले हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "तीनों को चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 50 रुपये के 274 नकली नोट बरामद किए गए।"
उन्होंने कहा कि दर्जी का काम करने वाला आलम आर्थिक संकट से जूझ रहा था। वह सुरेंद्र नामक व्यक्ति के संपर्क में आया, जिसने जल्दी धनी बनाने के लिए उसे नकली नोट चलाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा, "वे अनपढ़, बुजुर्गो और बच्चों को ठगी का निशाना बनाते थे। वे उन्हें नोट गिनने में मदद की पेशकश करते थे और गिनने के दौरान असली नोट निकलकर नकली नोट मिला देते थे।"
उन्होंने कहा कि नकली नोटों के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications