वाजपेयी हुए 87 साल के, भारत रत्न की मांग (लीड-2)
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह दिल्ली के कृष्ण मेनन मार्ग स्थित वाजपेयी के आवास पर पहुंचे और उन्हें गुलदस्ता देकर जन्मदिन की बधाई दी। सिंह ने उनके परिजनों से वाजपेयी के स्वास्थ्य के बारे में पूछा।
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने वाजपेयी को जन्मदिन की बधाई दी।
बाद में संवाददाताओं से बातचीत में राजनाथ ने कहा, "आज अटलजी का जन्मदिवस है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें स्वस्थ रखें।" उन्होंने कहा कि देश को उनके योगदान के लिए सरकार को उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने पूर्व प्रधानमंत्री को एशिया का कद्दावर नेता बताते हुए कहा कि उन्हें भारत रत्न सम्मान दिया जाना चाहिए।
उन्होंेने कहा, "पार्टी के दायरे से ऊपर उठकर सभी को वाजपेयी को सम्मान दिए जाने का समर्थन करना चाहिए।"
पार्टी के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह ने भी वाजपेयी के आवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी।
पार्टी की शहरी इकाई ने इस अवसर पर राजधानी के विभिन्न हिस्सों में प्रार्थना सभाएं आयोजित कीं।
उधर, लखनऊ में भी वाजपेयी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। लखनऊ लम्बे अरसे तक वाजपेयी का संसदीय क्षेत्र रहा है। वर्ष 2009 तक उन्होंने लोकसभा में यहां का प्रतिनिधित्व किया है।
पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से मंदिरों में रामायण पाठ, यज्ञ, हवन, भोज तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जन्मदिन के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से 87 किलोग्राम का एक विशाल लड्डू तैयार करवाया गया था जो शहर में आकर्षण का केंद्र बना रहा।
लखनऊ के सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता लालजी टंडन ने संवाददाताओं से कहा, "वाजपेयी का जन्मदिन केवल भाजपा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देशवासियों के लिए खुशी का दिन है। वह एक महान राजनेता हैं। सक्रिय राजनीति में न होते हुए भी हमारे और समूचे देश के लिए वह प्रेरणास्रोत हैं।"
टंडन ने कहा कि वाजपेयी की लम्बी उम्र के लिए अमीनाबाद के हनुमान मंदिर में हवन और रामायण पाठ के बाद 87 किलो का लड्डू लोगों के बीच बांटा गया। इसके अलावा शहर के विभिन्न मंदिरों में हवन-आरती के बाद गरीबों के बीच कपड़े और मिठाइयां बांटी गईं।
भाजपा नेता और लखनऊ के महापौर दिनेश शर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा, "वाजपेयी महान नेता हैं। सक्रिय राजनीति से अलग रहते हुए भी वह लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।"
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के चौक स्थित प्राचीन मंदिर में 87 दीप जलाकर वाजपेयी के दीर्घायु होने की प्रार्थना की। इस मौके पर वाजपेयी को ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत करार देते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने कहा, "जहां अटल जी ने एक तरफ पोकरण विस्फोट कर भारत को परमाणु शक्ति सम्पन्न राष्ट्रों की श्रेणी में खड़ा किया वहीं उनकी ईमानदारी का ही नतीजा था कि छह साल के उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार और महंगाई पर अंकुश था। विकास कार्य तीव्र गति से हो रहे थे।"
भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से गोमती नदी किनारे कुड़िया घाट पर तहरी भोज का आयोजन कर सांस्कृतिक आयोजन किए गए, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली भी शामिल हुए। इस दौरान जेटली ने कहा, "उनका (अटल जी) आशीर्वाद हमेशा हम लोगों के साथ छाया की तरह रहता है।"
लखनऊ वाजपेयी की कर्मभूमि मानी जाती है। यहां से वह पांच बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications