उत्तर भारत सर्दी की चपेट में (राउंडअप)
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में इस मौसम में पहली बार इतना कोहरा देखा गया। इसके चलते दिन के तापमान में 19 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई, जो साल के इस समय के लिए सामान्य से तीन डिग्री कम है। हालांकि न्यूनतम तापमान औसत से 8.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।
उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में शनिवार को सर्द हवाएं चलीं, जबकि हिमाचल प्रदेश में क्रिसमस के दिन बर्फबारी न होने की वजह से पर्यटकों को निराशा हाथ लगी। राज्य के भूंतार, सुंदरनगर, सोलन और मंडी में तापमान करीब शून्य से नीचे रहा। यहां तापमान क्रमश: 1.4, 0.1 और 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बर्फबारी का लुत्फ उठाने शिमला गए हजारों पर्यटक बर्फ न गिरने की वजह से निराश हुए। पहाड़ी इलाके शिवालिक के ऊना में कड़ाके की सर्दी है और तापमान 2.4 डिग्री से सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पालमपुर और धर्मशाला में शनिवार को तापमान चार और 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसके अलावा, नहान में रात में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। जबकि लाहौल एवं स्पीति के केलांग और किन्नौर जिले के कलपा में तापमान क्रमश: 8.2 और 3.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसी तरह, पंजाब और हरियाणा में भी शनिवार को सर्द हवाओं का दौर जारी रहा जबकि अमृतसर का न्यूनतम तापमान गिरकर 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पंजाब के अमृतसर शहर का तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे दर्ज किया गया जबकि लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस तथा 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया, "हम पंजाब और हरियाणा में रात के समय तापमान में और अधिक गिरावट की उम्मीद कर रहे हैं।"
पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चण्डीगढ़ का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से एक डिग्री नीचे था।
हरियाणा में अंबाला, करनाल और हिसार में तापमान क्रमश: 4.0, 5.4 तथा 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा में कई जगहों पर घना कोहरा होने की वजह से यातायात बाधित हुआ।
उधर, कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्रभर में शनिवार को तापमान में भारी गिरावट के चलते श्रीनगर की डल झील सहित अन्य झीलों में पानी जम गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "श्रीनगर में शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
डल झील के अधिकतर हिस्सों में सुबह पानी जम गया, सिवाय उन हिस्सों के जहां गर्म स्रोत गतिविधि होने की वजह से पानी गुनगुना रहा और बर्फ में तब्दील नहीं हुआ।
चौतींस वर्षीय स्थानीय निवासी फिरदौस अहमद ने बताया, "जब मैं सुबह टहलने निकला तो देखा कि झील के जिस हिस्से का पानी जमा नहीं था उसके निकट प्रवासी पक्षियों का एक समूह जमा हो गया था। सुबह-शाम के दौरान भारी कोहरे की वजह से झील अद्भुत दिखाई दे रही है।"
मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया, "राज्य में लेह शहर में सबसे अधिक सर्दी है, जहां तापमान लुढ़क कर शून्य से 16.4 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। इसके बाद कारगिल में तापमान शून्य से 11.6 डिग्री नीचे और पहलगाम में यह शून्य 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
उन्होंने बताया कि गुलमर्ग में भी तापमान शून्य से सात डिग्री नीचे पहुंच गया है। अधिकारी ने घाटी में आने वाले दिनों में सर्दी बने रहने और मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई है। साथ ही तापमान में और गिरावट की उम्मीद जाहिर की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications