हिमाचल में निशुल्क एम्बुलेंस सेवा शुरू
यह सेवा शुरू होने से शिमला, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा तथा बिलासपुर जिलों के निवासियों को टोल फ्री नंबर 108 पर फोन करने पर हर वक्त मुफ्त में एम्बुलेंस उपलब्ध हो सकेगी।
राज्य के प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) पी.सी. धीमान ने आईएएनएस से कहा कि प्रारम्भिक चरण में सात जिलों में मुफ्त एम्बुलेंस सुविधा मुहैया होगी। किन्नौर, लाहौल एवं स्पीति को छोड़कर बाकी जिलों में भी जल्द ही इस सेवा का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा, "एम्बुलेंस स्वचालित बाहरी डिफिब्रिलेटर जैसे जीवन रक्षक उपकरण तथा सर्पविष निरोधी दवा से लैस होगी।"
धीमान ने बताया कि इस सेवा को शुरू करने के लिए राज्य सरकार ने हैदराबाद स्थित जीवीके-ईएमआरआई (आपातकालीन प्रबंधन अनुसंधान संस्थान) के साथ समझौता किया है। इस परियोजना के लिए राशि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन तथा राज्य सरकार ने संयुक्त रूप से उपलब्ध कराई है।
उल्लेखनीय है कि मुफ्त एम्बुलेंस सेवा शुरू करने के मामले में हिमाचल प्रदेश देश का 11वां एवं उत्तर भारत में उत्तराखण्ड के बाद दूसरा राज्य है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications