राजा ने कहा, जांच में कर रहा हूं सहयोग (लीड-2)
सीबीआई के सूत्रों ने कहा कि द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के नेता राजा सुबह लगभग 10 बजे सीबीआई मुख्यालय पहुंचे।
राजा ने पत्रकारों से कहा, "मैं जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग कर रहा हूं।" इसके बाद उन्होंने पत्रकारों को सवालों पर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
ज्ञात हो कि सीबीआई ने शुक्रवार को 47 वर्षीय राजा से 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में आठ घंटे से भी अधिक समय तक पूछताछ की थी। दो सप्ताह पहले सीबीआई ने नई दिल्ली और तमिलनाडु स्थित राजा के परिसरों की तलाशी ली थी।
राजा पर आरोप है कि उन्होंने मोबाइल कम्पनियों को बाजार की कीमत से कम दर पर दूसरी पीढ़ी के स्पेक्ट्रम आवंटित किए थे, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ। इस आरोप के चलते राजा को अपने पद से गत 14 नवंबर को इस्तीफा देना पड़ा था।
राजा ने हालांकि अपने खिलाफ लगे आरोपों से इंकार किया है। सीबीआई ने एक सप्ताह पहले राजा को नोटिस जारी किया था। उस समय वह चेन्नई में थे। राजा ने निजी काम का हवाला देते हुए सीबीआई से थोड़ी मोहलत मांगी थी।
उल्लेखनीय है कि राजा को दूरसंचार मंत्रालय दिलाने में कथित रूप से सक्रिय भूमिका निभाने वाली कार्पोरेट लाबिस्ट नीरा राडिया के परिसरों पर भी सीबीआई ने छापा मारा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications