देश-विदेश में धूमधाम से मना क्रिसमस (लीड-1)
घने कोहरे और सर्दी के बावजूद दिल्ली में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार की रात गिरजाघरों में लोग एकत्रित हुए और उन्होंने मध्यरात्रि की विशेष प्रार्थनाओं में हिस्सा लिया।
दिल्ली के बीचोबीच स्थित सेक्रेड हार्ट कैथ्रेडल गिरजाघर में एक विशाल क्रिसमस ट्री लगाया गया है जिसे देखने के लिए बच्चे अपने माता-पिता के साथ पहुंचे। क्रिसमस ट्री की रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट ने लोगों को खूब आकर्षित किया।
केरल में क्रिसमस के अवसर पर ईसाई समुदाय के हजारों लोग शनिवार को गिरजाघरों में विशेष प्रार्थनाओं में शामिल हुए लेकिन प्रदेश के चार बार मुख्यमंत्री रहे के. करुणाकरन के निधन से त्योहार के उत्साह में थोड़ी कमी दिखाई दी।
क्रिसमस की विशेष प्रार्थनाओं के बाद लौटे ईसाई समुदाय के लोगों के घरों में पारम्परिक अप्पम के नाश्ते का दौर चला। इस अवसर पर तरह-तरह के केक और केले से बने खाद्य पदार्थो का भी सेवन किया गया। इस अवसर पर गिरजाघरों में केक और वाइन वितरित की गई।
मुम्बई में पवित्र त्योहार क्रिसमस के मौके पर हजारों लोगों ने आधी रात को विभिन्न गिरजाघरों में एकत्र होकर आस्था और उल्लास के साथ प्रार्थना सभाओं में हिस्सा लिया और एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी।
शहर के गिरजाघरों को रंग-बिरंगी लाइटों से काफी शानदार तरीके से सजाया गया था। मुम्बई कार्डिनल ओसवाल्ड ग्रेसियस के ऑर्कविशप ने आधी रात को शहर के दक्षिण कोलाबा में स्थित 'होली नेम कैथ्रेडल' में प्रार्थना सभा का अयोजन किया था।
गोवा व देश के अन्य राज्यों में भी सभी ने धार्मिक उल्लास के साथ क्रिसमस का त्योहार मनाया।
वेटिकन में पोप बेनडिक्ट 16वें ने शुक्रवार देर रात क्रिसमस उत्सव का नेतृत्व किया। इसके तहत मध्यरात्रि की पारम्परिक प्रार्थना सभा आयोजित की गई। प्रार्थना सभा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। जिस समय पोप बेनेडिक्ट ने समारोह की अध्यक्षता शुरू की, सेंट पीटर्स चर्च में हजारों की संख्या में लोग जमा थे। तमाम लोग सेंट पीटर्स स्क्वे यर में लगे विशाल वीडियो स्क्रीन पर क्रिसमस उत्सव के दृश्यों का अवलोकन कर रहे थे।
इसके पहले वेटिकन की ओर से सेंट पीटर्स स्क्वे यर में ईसा मसीह की जम्न कथा का दृश्यमय प्रस्तुति का उद्घाटन किया गया। यह परम्परा 1982 में नए सिरे से शुरू हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications