स्विस बैंक से काला धन वापस लाएं : भाजपा
भाजपा ने कहा कि संप्रग सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में मुद्रा स्फीति दर और गरीबी बढ़ी है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शांता कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, "स्विट्जरलैंड के बैंकों में भारत के 70,00,000 करोड़ रुपये रुके पड़े हैं। यदि ये रुपये वापस लाए जाएं तो ऐसी कई समस्याएं जिनका हम सामना कर रहे हैं, दूर हो जाएंगी। लेकिन संप्रग सरकार की इसमें रुचि नहीं है, क्योंकि इसके साक्ष्य हैं कि उसके अपने लोग इस घोटाले में शामिल हैं।"
उन्होंने कहा, "स्विस बैंक कर बचाने वालों, भ्रष्टों और अपराधियों को अपने यहां काला धन छुपाने पर उन्हें गुप्त रखने जैसी सुविधाएं मुहैया करते हैं। मैंने प्रधानमंत्री को फरवरी, 2009 और इस वर्ष सितम्बर में इस सम्बंध में दो बार पत्र लिखे थे और उनका जवाब मांगा था। लेकिन मुझे अब तक उनका कोई जवाब नहीं मिला है।"
कुमार ने हाल ही में न्यूयॉर्क में हुए संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में भाग लिया था। उन्होंने कहा कि स्विट्जरलैंड भारत को धन लौटाने को तैयार है।
कुमार ने दावा किया, "मैं इस वर्ष अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में भाग लेने गया था। वहां मुझे तब आश्चर्य हुआ जब स्विट्जरलैंड के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनकी सरकार की इच्छा भारत को धन लौटाने की है। इसलिए इसमें देरी केवल हमारी तरफ से हो रही है।"
कुमार के अनुसार प्याज के बेतहाशा बढ़ते दाम भी सीधे तौर पर भ्रष्टाचार का परिणाम है। उन्होंने कहा, "यह दुखद है कि हमारे प्रधानमंत्री एक मंत्री से पूछ रहे हैं कि प्याज के दाम नियंत्रण से बाहर क्यों जा रहे हैं। उन्हें पहले ही इसे रोकने के उपाय करने चाहिए थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications