करुणाकरन के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे प्रधानमंत्री
त्रिशूर (केरल), 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिवंगत कांग्रेसी नेता के.करुणाकरण को श्रद्धांजलि देने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शनिवार अपराह्न् यहां पहुंच सकते हैं। प्रधानमंत्री के सम्भावित दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
करुणाकरण का दो दिनों पहले निधन हो गया था। वह 92 वर्ष के थे। चार बार केरल के मुख्यमंत्री रहे करुणाकरण का शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कांग्रेसी नेताओं ने यहां कहा कि मनमोहन सिंह यहां लगभग दो बजे पहुंचने वाले हैं।
कांग्रेस सदस्यों ने कहा, "वह सुबह लगभग 11 बजे आने वाले थे, लेकिन अब उनके आने का कार्यक्रम लगभग दो बजे का है। वह एक विशेष विमान से कोच्चि पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए यहां एक नजदीकी स्थल पर उतरेंगे और उसके बाद की यात्रा सड़क मार्ग से करेंगे।"
स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने पहले ही टाउन हाल को अपने कब्जे में ले लिया है। करुणाकरण का शव यहीं पर रखा गया है।
करुणाकरण का शव तिरुवनंतपुरम से सुबह आठ बजे यहां पहुंचा। शव को यहां पहुंचने में 10 घंटे से भी अधिक की देरी हुई है, क्योंकि दिवंगत नेता का अंतिम दर्शन करने के लिए पूरे रास्ते भर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
करुणाकरण का अंतिम संस्कार यहां पास में स्थित उनके घर पर अपराह्न् चार बजे के बाद होगा।
करुणाकरण की हालत पिछले सप्ताह बिगड़ गई थी और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। उनकी हालत सुधर रही थी, लेकिन बुधवार को उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। गुरुवार शाम 5.30 बजे उनका निधन हो गया। करुणाकरण के परिवार में उनका बेटा के. मुरलीधरन और बेटी पद्मजा वेणुगोपाल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications