पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, 43 मरे (लीड-3)
इस्लामाबाद, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कबायली क्षेत्र में शनिवार को खाद्यान्न वितरण केंद्र से भोजन सामग्री ले रहे लोगों के समूह के बीच एक संदिग्ध महिला आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट कर दिया। इस हमले में कम से कम 43 लोग मारे गए।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार बाजौर कबायली जिले के मुख्य शहर खार में हुए इस विस्फोट में अन्य 70 लोग घायल हुए हैं। इस क्षेत्र में सरकारी सुरक्षा बलों का अल कायदा आतंकवादियों के खिलाफ अभियान जारी है।
स्थानीय सरकारी अधिकारी इम्तियाज खान ने बताया कि विस्फोट के समय वहां करीब 300 लोग भोजन सामग्री लेने के लिए एकत्र थे। खान ने बताया, "प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आत्मघाती हमलावर महिला थी और उसने बुर्का पहन रखा था।"
खार के प्रमुख अस्पताल के आपातकालीन विभाग के चिकित्साधिकारी अफीफ खान ने बताया, "हमले में 43 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 70 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों में सात से आठ लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।"
प्रत्यक्षदर्शी वासी उल्लाह ने बताया कि 22 या 23 वर्ष की महिला जिसने बुर्का पहन रखा था, उसे सुरक्षाकर्मियों ने दरवाजे पर रोका था। इस पर आत्मघाती महिला ने पहले हैंड ग्रेनेड फेंका और फिर विस्फोट कर दिया।
उसने कहा, "आत्मघाती हमलावर महिला के शरीर के टुकड़े दरवाजे के समीप पड़े थे।"
पाकिस्तान में किसी महिला द्वारा किया गया यह तीसरा आत्मघाती हमला है।
उल्लेखनीय है कि तालिबान और सरकारी सुरक्षा बलों के बीच जारी लड़ाई के कारण हजारों परिवार बेघर हो चुके हैं और वे सरकारी तथा संयुक्त एजेंसियों द्वारा मुहैया कराए जाने वाली खाद्य सहायता पर निर्भर करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications