प्रधानमंत्री ने करुणाकरन को श्रद्धांजलि दी (लीड-1)
त्रिशूर (केरल), 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार को दिवंगत कांग्रेसी नेता के.करुणाकरण को श्रद्धांजलि दी। करुणाकरण का दो दिनों पहले निधन हो गया था। वह 92 वर्ष के थे। करुणाकरण चार बार केरल के मुख्यमंत्री रह चुके है।
मनमोहन सिंह एक विशेष विमान से कोच्चि पहुंचे और वहां से एक हेलीकॉप्टर के जरिए यहां पास स्थित एक स्थान पर उतरे। वहां से वह शहर के टाउन हाल पहुंचे, जहां पर करुणाकरन का पार्थिव शरीर रखा हुआ था।
मनमोहन सिंह यहां 2.20 बजे पहुंचे और उन्होंने दिवंगत नेता को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सफेद कुर्ता-पायजामा और नीली पगड़ी में मनमोहन सिंह ने करुणाकरन के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की। सिंह ने वहां उपस्थित राज्य के मंत्रियों और कैबिनेट के सहयोगियों से प्रति संवेदना जाहिर की।
प्रधानमंत्री वहां लगभग 10 मिनट तक रहे और उसके बाद वह नई दिल्ली के लिए प्रस्थान कर गए। प्रधानमंत्री के साथ नई दिल्ली से पार्टी महासचिव मोहसिना किदवई व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद भी थे।
इस मौके पर केरल के राज्यपाल आर.एस.गवई भी मौजूद थे।
मनमोहन सिंह के पहुंचने से पहले स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने त्रिशूर में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली थी।
प्रधानमंत्री के प्रस्थान के बाद दिवंगत नेता का पार्थिव शरीर पार्टी के जिला कार्यालय ले जाया गया। अंतिम संस्कार चार बजे के बाद होगा।
करुणाकरण का पार्थिव शरीर तिरुवनंतपुरम से सुबह आठ बजे यहां पहुंचा था। शव को यहां पहुंचने में 10 घंटे से भी अधिक की देरी हुई है, क्योंकि दिवंगत नेता का अंतिम दर्शन करने के लिए पूरे रास्ते भर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
करुणाकरण की हालत पिछले सप्ताह बिगड़ गई थी और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। उनकी हालत सुधर रही थी, लेकिन बुधवार को उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। गुरुवार शाम 5.30 बजे उनका निधन हो गया। करुणाकरण के परिवार में उनका बेटा के. मुरलीधरन और बेटी पद्मजा वेणुगोपाल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications