हक्कानी नेटवर्क का शीर्ष आतंकी गिरफ्तार
हक्कानी नेटवर्क का नेतृत्व मौलाना जलालुद्दीन हक्कानी और उसके तीन बेटे करते हैं। इन लोगों पर उत्तरी वजीरिस्तान में तालिबान की मदद से आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप है।
स्थानीय समाचार पत्र 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के मुताबिक हक्कानी नेटवर्क के बड़े आतंकवादी की गिरफ्तारी की सूचना सबसे पहले काबुल स्थित अफगान ऑनलाइन प्रेस (एओपी) के माध्यम से दी गई। एओपी ने हालांकि इस आतंकवादी के नाम का खुलासा नहीं किया है।
उधर, सीएनएन ने गिरफ्तार किए गए शीर्ष आतंकवादी की पहचान हक्कानी नेटवर्क के प्रमुख जलालुद्दीन हक्कानी के बेटे नसीरुद्दीन हक्कानी के रूप में की है।
एओपी रिपोर्ट में कहा गया है, "वह (नसीरुद्दीन हक्कानी) खोस्त प्रांत के साबरी जिले से अपने संगठन का संचालन करता था।" एओपी के मुताबिक वह प्रांत में सुरक्षाबलों पर आईईडी द्वारा किए गए कई हमलों के लिए जिम्मेदार था।
उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) द्वारा जारी किए गए एक बयान के मुताबिक एओपी ने कहा कि 21 दिसम्बर को गठबंधन सेनाओं को खुफिया जानकारी मिली थी कि साबरी जिले के एक घर में कुछ आतंकवादी छिपे हुए हैं।
सुरक्षाबलों ने वहां छापा मारकर कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से हथियारों का जखीरा और गोलियां बरामद की गई। बाद में यह पता चला कि गिरफ्तार किए गए लोग हक्कानी नेटवर्क से जुड़े हैं।
सीएनएन ने पाकिस्तान के खुफिया सूत्रों के हवाले से कहा है कि नसीरुद्दीन हक्कानी को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह पेशावर से उत्तरी वजीरिस्तान जा रहा था। उसके एक साथी की पहचान हक्कानी संगठन के शीर्ष कमांडर मुल्लाह मोहम्मद जान के रूप में की गई है।
गठबंधन सेनाएं एक दिसम्बर से ही 25 नेताओं को और 107 आतंकवादियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं। उधर, अफगानिस्तान स्थित तालिबान ने इस तरह की गिरफ्तारी से इंकार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications