तेलंगाना रिपोर्ट से पहले हैदराबाद में कड़ी सुरक्षा
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि राज्य सरकार ने अर्धसैनिक बलों की 50 कम्पनियां मांगी हैं। इनमें से लगभग आधी शुक्रवार को पहुंच गई थीं। बाकी कम्पनियों के सोमवार तक पहुंचने की सम्भावना है।
अधिकांश बलों को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) से लिया गया है। इन बलों को ज्यादातर हैदराबाद में तैनात किया जाएगा।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि राजधानी हैदराबाद के संवेनशील इलाकों और बाहरी हिस्सों में 25 कम्पनियां तैनात की जाएंगी। पुलिस अधिकारी ने कहा, "हम कोई खतरा मोल नहीं लेना चाहते, लिहाजा पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों को तैनात करना चाहते हैं।"
हर कम्पनी में 120 जवान होते हैं। जवानों को राज्य सचिवालय, हाईटेक सिटी, आंध्र और रायलसीमा क्षेत्रों से आए प्रवासियों के इलाकों तथा उस्मानिया विश्वविद्यालय में तैनात किया जाएगा। उस्मानिया विश्वविद्यालय पिछले वर्ष विरोध प्रदर्शन का केंद्र रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने यहां संकट वाले सम्भावित स्थानों और प्रमुख प्रतिष्ठानों के बारे में सुरक्षाकर्मियों को जानकारी दी है।
तेलंगाना के बाकी नौ जिलों में से सात जिलों में दो-दो कम्पनियां तैनात की जाएंगी। दो कम्पनियां विशाखापत्तनम ग्रामीण इलाके में तैनात की जाएंगी। अनंतपुर, तिरुपति, विशाखापत्तनम शहर, विजयवाड़ा और गुंटूर में एक-एक कम्पनी तैनात की जाएगी।
इसके अलावा राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंध्र प्रदेश विशेष पुलिस के आरक्षी बलों को तैनात किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications