मोदी के खिलाफ अनुशासन समिति की कार्रवाई पर रोक
मुम्बई, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)। बम्बई उच्च न्यायालय ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के निलम्बित अध्यक्ष ललित मोदी के खिलाफ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की अनुशासन समिति की कार्रवाई पर रोक लगा दी है। अदालत ने कहा कि इस समिति को बीसीसीआई की आम सभा से मंजूरी नहीं मिली है।
मोदी के वकील महमूद आब्दी ने तीन सदस्यीय अनुशासन समिति की वैधता को चुनौती दी थी। इस समिति में चिरायु अमीन, अरुण जेटली और ज्योतिरादित्य सिंधिया हैं। यह समिति मोदी के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच कर रही है।
मोदी ने अदालत के इस फैसले से राहत की सांस ली। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, "उच्च न्यायालय का शुक्रगुजार हूं, जिसने बीसीसीआई की अनुशासन समिति की कार्रवाई पर रोक लगा दी है।"
आब्दी के आग्रह के बाद अनुशासन समिति द्वारा मोदी के खिलाफ सुनवाई 27-28 दिसम्बर तक स्थगित कर दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications