'पाकिस्तान से आयतित प्याज की गुणवत्ता खराब'
पाकिस्तान से अटारी-वाघा सीमा चौकी के रास्ते मंगलवार को 177 ट्रक प्याज पंजाब पहुंचे थे। प्रत्येक ट्रक में लगभग 10 टन प्याज था। लेकिन इस प्याज को चण्डीगढ़ में स्वीकार नहीं किया गया था और गुरुवार को उसे अन्य स्थानों पर भेज दिया गया था।
चण्डीगढ़ थोक विक्रेता संघ के अध्यक्ष बलबीर सिंह ने कहा, "पाकिस्तानी प्याज अच्छा नहीं है। प्याज कच्चा है और उसमें नमी है। इसलिए हमने दो ट्रक प्याज हिमाचल प्रदेश भेज दिया।"
पंजाब के एक आयातक राजदीप उप्पल ने आईएएनएस को बताया, "शनिवार को क्रिसमस और फिर रविवार की छुट्टी होने के कारण फिलहाल पाकिस्तान से प्याज का कोई ट्रक नहीं आने वाला है। प्याज की अगली खेप सोमवार को आ सकती है।"
उन्होंने कहा कि दो दिनों तक पाकिस्तान से प्याज की आवक न होने से कीमतों में एक बार फिर इजाफा हो सकता है। वास्तव में पाकिस्तानी बाजारों में भी प्याज की कीमतें बढ़ गई हैं, क्योंकि उनके पास भी प्याज का सीमित भंडार है।
भारत में अधिकांश प्याज पाकिस्तान के सिंध प्रांत से आ रहा है।
बलबीर सिंह ने कहा, "अगले कुछ दिनों में राजस्थान और गुजरात से प्याज की अतिरिक्त मात्रा यहां पहुंचने की उम्मीद है। वहां के व्यापारियों के साथ हमारी बातचीत जारी है। हमें वहां से बहुत ही प्रतिस्पर्धी दर पर अच्छे किस्म की प्याज मिल रही है।"
बुधवार को लगभग 40 टन प्याज चंडीगढ़ पहुंची थी।
उल्लेखनीय है कि इस सप्ताह की शुरुआत में देश के कुछ हिस्सों में प्याज की कीमतें 100 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई थीं। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद पाकिस्तान से 300 रुपये से लेकर 350 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्याज का आयात किया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications