पाक में महिला आत्मघाती हमलावर के विस्फोट में 42 मरे (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार यह विस्फोट बाजौर कबायली जिले के मुख्य शहर खार में हुआ। इस क्षेत्र में सरकारी सुरक्षा बलों का अल कायदा आतंकवादियों के खिलाफ अभियान जारी है।
सरकारी अधिकारी इम्तियाज खान ने बताया कि विस्फोट के समय वहां करीब 300 लोग भोजन सामग्री लेने के लिए एकत्र थे। खान ने बताया, "प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आत्मघाती हमलावर महिला थी और उसने बुर्का पहन रखा था।"
यदि इस बात की पुष्टि हो जाती है तो यह पाकिस्तान में किसी महिला द्वारा किया गया तीसरा आत्मघाती हमला होगा।
खार के प्रमुख अस्पताल के आपातकालीन विभाग के चिकित्साधिकारी अफीफ खान ने फोन पर बताया, "42 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। इस विस्फोट में 70 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों में सात या आठ लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।"
तालिबान और सरकारी सुरक्षा बलों के बीच जारी लड़ाई के कारण हजारों परिवार बेघर हो चुके हैं और वे सरकारी तथा संयुक्त एजेंसियों द्वारा मुहैया कराए जाने वाली खाद्य सहायता पर निर्भर करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications