रेलवे की ग्रीन पहल को अंतर्राष्ट्रीय स्वीकृति
नई दिल्ली, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। जलवायु संरक्षण की दिशा में भारतीय रेलवे के प्रयासों को बढ़ावा देने के महत्वपूर्ण कदम के रूप में जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र रूपरेखा संधि ने कॉम्पैक्ट लूरोसेन्ट के जरिए रेलवे के आवासीय क्वार्टरों में ऊर्जा दक्षता सुधारने की परियोजना को स्वीकृति दी है और इसका पंजीकरण किया है। इस परियोजना से रेलवे को तीन प्रतिशत कार्बन क्रेडिट भी हासिल होगा।
रेल मंत्री ममता बनर्जी ने स्वच्छ विकास प्रणाली पर आधारित यह परियोजना शुरू की थी। यह परियोजना रेलवे कलोनियों में रेलकर्मियों के मकानों के लिए ऊर्जा की ज्यादा खपत करने वाले अत्यधिक चमकीले लैम्पों के बदले में 14 लाख से अधिक सीएफएल लैम्प वितरित करने के लिए है।
इस परियोजना का उद्देश्य जलवायु संरक्षण के लिए रेलवे की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करना तथा दुनिया के बढ़ते तापमान से निपटने के लिए जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करना है। इससे बिजली के खर्च को भी कम किया जा सकेगा।
इस परियोजना से कार्बन डाईऑक्साइड उत्सर्जन में हर साल 1,00,000 टन की कमी की जाने की संभावना है। यह परियोजना उत्तरी, पूर्वी, पश्चिमी, दक्षिणी और उत्तरी सीमा के क्षेत्रों में लागू की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications