कश्मीरी शिक्षक ने आरोपों से इंकार किया
कश्मीरी भाषा के प्रोफेसर शाद रमजान ने यहां संवाददाताओं को बताया, "यह मेरे खिलाफ एक साजिश है। मैंने कोई अपराध नहीं किया है। मेरे खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाना महज अकादमिक आतंकवाद है।"
श्रीनगर पुलिस ने अश्लील प्रश्न पत्र तैयार करने के लिए रमजान के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
हजरतबल के पुलिस अधीक्षक मकसूद-उल-जमान ने यहां कहा, "प्रश्न पत्र कश्मीरी भाषा के स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया था। इसमें एक अश्लील पाठ्यांश शामिल किया गया था, जिसका उर्दू भाषा से कश्मीरी में अनुवाद करना था।"
पुलिस अधीक्षक ने कहा, "यह यहां के समाज व विद्यार्थियों की संवेदनशीलता को क्षति पहुंचाता है।"
लेकिन रमजान ने कहा, "मैंने एक बहुत ही प्रसिद्ध यूनानी पाठ्यपुस्तक से एक अंश लिया था। यह पुस्तक यूनानी चिकित्सा पद्धति में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम में है।"
रमजान ने कहा, "यदि यह अंश अश्लील है, तो पुस्तक को प्रतिबंधित कर देना चाहिए था। इसके अलावा चिकित्सा के विद्यार्थियों को पढ़ाई जाने वाली जंतु विज्ञान और मानव जीव विज्ञान की पुस्तकों को भी प्रतिबंधित कर दिया जाना चाहिए।"
रमजान ने कहा, "यदि हम कश्मीरी को एक वैज्ञानिक भाषा बनाना चाहते हैं तो हमें उसमें चिकित्सा विज्ञान, जीव विज्ञान आदि को शामिल करना होगा।"
लेकिन यहां के विद्यार्थियों का कहना है कि यह अपने आप में एक चिंता का विषय है कि किसी भाषा से सम्बंधित प्रश्न पत्र में इस तरह का कोई प्रश्न पूछा जाए।
एक स्थानीय विद्यार्थी सज्जाद अहमद (25) ने कहा, "यह प्रश्न पत्र चिकित्सा, शरीर रचना विज्ञान, शरीर क्रिया विज्ञान या अन्य किसी जैव विज्ञान से सम्बंधित नहीं था। यह एक भाषा से सम्बंधित था जिसे उस भाषा के सम्बंध में होना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications