छापों में महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद : सीबीआई
सीबीआई की उप महानिरीक्षक एवं प्रवक्ता विनीता ठाकुर ने संवाददाताओंको बताया, "छापेमारी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए, जिनकी समीक्षा की जा रही है।"
केंद्रीय जांच एजेंसी ने कलमाडी के नई दिल्ली, पुणे स्थित आवासों और मुम्बई स्थित उनके भाई के घर पर छापेमारी की। कलमाडी पर आरोप है कि उन्होंने 3 से 14 अक्टूबर तक चले राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में वित्तीय गड़बड़ियां की हैं।
ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के क्वींस बैटन रिले के आयोजन में वित्तीय अनियमितताओं के मद्देनजर सीबीआई ने दिल्ली, मुम्बई और पुणे में पांच जगहों पर छापेमारी की।
उन्होंने रेखांकित किया कि सीबीआई भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत इस वर्ष 15 नवम्बर को आयोजन समिति के संयुक्त महानिदेशक (राजस्व, विपणन एवं अध्यक्ष सचिवालय) टी.एस. दरबारी, उप महानिदेशक (विपणन) संजय महेंद्रू और लंदन की निजी फर्म ए.एम. फिल्म्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चुकी है।
ठाकुर ने कहा, "आरोप है कि आयोजन समिति के आरोपी अधिकारियों ने लंदन की निजी फर्म के साथ राजिश रचकर उसे क्वींस बैटन रिले के आयोजन स्थल पर वीडियो स्क्रीन स्थापित करने का ठेका कम दर पर दिया। फर्म को ठेका कथित तौर पर फर्जी कोटेशन के आधार पर दिया गया और इस प्रक्रिया में मानदंड का पालन नहीं किया गया।"
उन्होंने कहा कि इन अभियुक्तों पर आरोप है कि उन्होंने सरकार के राजस्व को क्षति पहुंचाई तथा आरोपी फर्म को गलत तरीके से फायदा पहुंचाया।
उल्लेखनीय है कि दरबारी और महेंद्रू दोनों न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications